Delhi Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके (Kapashera murder case) से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तीन साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के मुख्य आरोपी और बच्ची के पड़ोसी चंदन कुमार (37) को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 जुलाई 2026 की शाम को शुरू हुआ, जब कापसहेड़ा थाने में तीन साल की बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार बच्ची की तलाश कर रही थी। इसी बीच, 14 और 15 जुलाई की दरमियानी रात को एफआईएमटी (FIMT) कॉलेज के पास कापसहेड़ा नाले से एक बच्ची का शव बरामद हुआ। शव की पहचान लापता बच्ची के रूप में की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि मासूम की गला दबाकर हत्या की गई थी और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को नाले में फेंक दिया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी पड़ोसी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले पड़ोसी चंदन कुमार की हरकतें संदिग्ध पाई गईं। वह उसी इमारत में रहता था जहाँ पीड़ित परिवार रहता था। 15 जुलाई को जब पुलिस टीम ने कापसहेड़ा गांव में उसके ठिकाने पर छापेमारी की, तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
पुलिस टीम ने अपनी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी चंदन के बाएं पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत दबोच लिया और उसके पास से एक देसी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किया।
इलाज के बाद पूछताछ जारी
पेशावर दर्जी चंदन कुमार शादीशुदा है और उसका पांच साल का बेटा अपनी मां के साथ बलिया में रहता है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस खौफनाक हत्या के पीछे की मुख्य वजह और मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
