Water Supply Stop in Noida-Ghaziabad: गर्मी के दिन शुरू होते ही गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के लोगों के लिए बुरी खबर सामने आ गई। दरअसल, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लोगों को पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि अगले तीन दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने वाली है। गंगाजल प्लांट के इंचार्ज ने बताया कि दोनों जिलों में मंगलवार से पानी की आपूर्ति ठप रहेगी, जिस वजह से बड़े पैमाने पर लोगों को दिक्कतें होंगी। जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ विहार में स्थित 100 क्यूसेक वाला प्लांट मंगलवार से बंद हो रहा है।
क्यों बंद हुई पानी की आपूर्ति?
बता दें कि नोएडा के छिजारसी कट के पास अंडरग्राउंड में पानी लीक हो रहा है, जिस वजह से इसे ठीक करना अति आवश्यक हो गया है और इसलिए, तीन दिनों तक सप्लाई बंद रहने वाली है। पानी की लीकेज की वजह से लोगों को परेशानी होती है। इसे ठीक करने के लिए पानी की सप्लाई बंद किया जाएगा, जिस वजह से लोगों को परेशानी होंगी।
लाखों लोग होंगे परेशान
अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पानी की निर्बाध सप्लाई चाहिए, तो लीकेज को ठीक करने के लिए तीन दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहने वाली है, ताकि परमानेंट समस्या का हल हो सके। उनका कहना है कि इन तीन दिनों में पानी की दिक्कतों को कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। हालांकि, सबसे अधिक इंदिरापुरम, सिद्धार्थ विहार और नोएडा में पानी की किल्लत होगी। सीधे तौर पर लाखों लोग इसका सामना करेंगे।
