शहर

दीपावली पर परिवार के साथ जा रहे थे GST अधिकारी, रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर पलटी कार, बैग से 54.50 लाख कैश और गहने मिले

रतलाम में 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर GST अधिकारी की कार पुल से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में पत्नी और दो बच्चे घायल हुए। कार से 54.50 लाख रुपये कैश और गहने मिले।

Image

रतलाम एक्सप्रेस-वे पर GST अधिकारी की कार पलटी (Time Now Navbharat)

मध्य प्रदेश के रतलाम में 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक GST अधिकारी की कार पुल से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे (Accident) में अधिकारी, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से करीब 54.50 लाख रुपये कैश और आभूषण मिले। पुलिस ने रकम और गहनों को अपने कब्जे में रख लिया है। फिलहाल परिवार के सदस्यों के बयान नहीं हो पाए हैं।

Ratlam accident

हादसे के बाद पुलिस तलाशी में कार में बैग से नोट और गहने मिले (Times Now Navbharat)

दीपावली की छुट्टियों में परिवार के साथ जा रहे थे राजस्थान

जानकारी के मुताबिक, GST अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल (40) गुजरात के वापी में तैनात हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले हैं। दीपावली की छुट्टियों में वह अपनी पत्नी संतोष (37) और दोनों बेटों आदित्य (10) व अथर्व (8) के साथ कार से सूरत से गंगानगर जा रहे थे। इसी दौरान गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे रतलाम जिले में जावरा औद्योगिक क्षेत्र के नीमन-नागदी गांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। कार 8 लेन एक्सप्रेस-वे के पुल से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार से मिले कैश से भरे दो बैग और गहने

हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए जावरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस बीच पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में दो बैग मिले, जिनमें बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी। इनमें 500 रुपये के नोटों की 92 गड्डियां और 200 रुपये के नोटों की 10 गड्डियां मिलीं। इसके अलावा कार से आभूषण भी बरामद हुए।

घायलों के बयान के बाद साफ होगी रकम की जानकारी

जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी सुमित मिश्रा के मुताबिक, कार से करीब 50 लाख रुपये नकद और आभूषण मिले हैं। पुलिस ने फिलहाल इन्हें अपनी कस्टडी में रखा है। उन्होंने बताया कि इस समय घायलों का इलाज कराना प्राथमिकता है। हादसे में परिवार के सभी सदस्य घायल हुए हैं और उनकी चोटें गंभीर हैं। इसी वजह से पुलिस अभी उनके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। अधिकारियों के बयान और आगे की जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इतनी बड़ी रकम और गहने कार में कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे की जांच के साथ-साथ कार से मिली नकदी और आभूषणों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article