Delhi Fire Karol Bagh: राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध और व्यस्त बाजार करोल बाग के गफ्फार मार्केट से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार तड़के गफ्फार मार्केट स्थित 'चेन वाली गली' के 13 ब्लॉक में एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर दमकल की 22 गाड़ियां मौजूद हैं।
अग्निकांड में कोई हताहत नहीं
दिल्ली के गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में बीती रात एक दुकान में आग लग गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बैटरियों के अधिक गर्म होने या ओवरचार्जिंग को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग लगने की सटीक वजह का पता लगाने के लिए फायर विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की रिपोर्ट ली जाएगी। साथ ही, इमारत की फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम द्वारा भी जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां कोई अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी या नहीं।
चूंकि आग बुझाने का अभियान अभी युद्ध स्तर पर जारी है, इसलिए इस अग्निकांड में दुकान या आसपास के परिसरों को कितना वित्तीय नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक और विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही इसके कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
