बिजनेस

जॉब गई तो Canva देगी 6 महीने की सैलरी, MacBook और बिजनेस शुरू करने के लिए पैसा

आमतौर पर नौकरी जाने पर कर्मचारियों को नई नौकरी तलाशने की चिंता सताने लगती है, लेकिन Canva ने छंटनी के बीच ऐसा पैकेज पेश किया है, जिसकी चर्चा हो रही है। कंपनी कर्मचारियों को 6 महीने की सैलरी, MacBook और बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक मदद देगी।

Image

जॉब जाने पर भी Canva ने कराई

दुनियाभर में टेक कंपनियों के बीच छंटनी का दौर जारी है। इसी बीच ग्राफिक डिजाइनिंग प्लेटफॉर्म Canva ने भी अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने का ऐलान किया है। कंपनी के इस फैसले से कुल 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे, जो उसके कुल वर्कफोर्स का करीब 22 फीसदी है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इन सभी कर्मचारियों की नौकरी चली जाएगी। कंपनी के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों की भूमिका बदली जाएगी, कुछ को दूसरे शहरों में शिफ्ट होने के लिए कहा जाएगा, जबकि कुछ कर्मचारियों को कंपनी से बाहर जाना होगा। खास बात यह है कि नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए Canva ने काफी बेहतर सेवरेंस पैकेज तैयार किया है।

नौकरी जाने पर मिलेंगे 6 महीने की सैलरी

Canva की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कंपनी छोड़ने वाले हर कर्मचारी को कम से कम 6 महीने की सैलरी दी जाएगी। इसमें कानूनी रूप से मिलने वाले जरूरी भुगतान भी शामिल होंगे। यह सुविधा कर्मचारियों को उनके देश या लोकेशन की परवाह किए बिना मिलेगी। इसके अलावा, जिन देशों में कंपनी हेल्थकेयर की सुविधा देती है, वहां प्रभावित कर्मचारियों को 12 महीने तक हेल्थ कवरेज भी मिलेगा। कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक साल तक Canva Care की सुविधा भी दी जाएगी। यह कंपनी का ऐसा प्रोग्राम है, जिसके तहत मानसिक स्वास्थ्य और दूसरी व्यक्तिगत परेशानियों में सहायता मिलती है।

MacBook भी अपने पास रख सकेंगे कर्मचारी

इस पैकेज की एक और खास बात यह है कि कंपनी छोड़ने वाले कर्मचारी अपना ऑफिस वाला MacBook भी अपने पास रख सकेंगे। Canva का कहना है कि हर कर्मचारी के पास निजी लैपटॉप नहीं होता, इसलिए कंपनी उन्हें यह डिवाइस रखने की अनुमति दे रही है। इसके अलावा, कर्मचारियों को एक साल के लिए LinkedIn Premium मिलेगा। कंपनी उन्हें रिज्यूमे बेहतर बनाने, इंटरव्यू की तैयारी करने और नई नौकरी तलाशने में भी मदद करेगी। इसके लिए वन-टू-वन करियर कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।

बिजनेस शुरू करने के लिए देगी 10 हजार डॉलर

Canva ने नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए Canva Collective Fund भी शुरू किया है। इसके तहत अपना बिजनेस शुरू करने या समाज के लिए कोई खास काम करने की योजना रखने वाले कर्मचारियों को 10,000 डॉलर की ग्रांट दी जाएगी। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 9 लाख रुपये से ज्यादा बैठती है। खास बात यह है कि इस पैसे के बदले कंपनी उनके बिजनेस में कोई हिस्सेदारी या मालिकाना हक नहीं मांगेगी। यानी कर्मचारी अपनी योजना पर स्वतंत्र रूप से काम कर सकेंगे। कंपनी ने इस सहायता के लिए अपनी रुचि दर्ज कराने की अंतिम तारीख 14 दिसंबर 2026 बताई है।

आखिर Canva ने क्यों लिया छंटनी का फैसला?

Canva की CEO मेलानी पर्किन्स के मुताबिक, कंपनी की ग्रोथ में एक दशक में पहली बार धीमापन आया है। तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कंपनी अपने काम करने के तरीके और टीमों के ढांचे में बदलाव कर रही है। इसी के तहत प्रोडक्ट, ग्रोथ और प्लेटफॉर्म टीमों को एक साथ लाने और जिम्मेदारियों को आसान बनाने की योजना है। कंपनी का कहना है कि यह फैसला कर्मचारियों की काबिलियत या उनके काम की गुणवत्ता पर सवाल नहीं है, बल्कि भविष्य की रणनीति का हिस्सा है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article