शहर

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनावों के नतीजे आए, नोमान अशरफ बने अध्यक्ष, नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष

AMUSU Results 2026: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) छात्रसंघ चुनाव में 8 साल बाद नए पदाधिकारियों की घोषणा हुई। नोमान अशरफ अध्यक्ष, लॉ छात्रा नसरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान मानद सचिव चुने गए।

Image

नोमान अशरफ 4,121 वोटों से जीतकर बने AMU छात्रसंघ

Photo : PTI

AMUSU Results 2026: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के इतिहास में शुक्रवार की सुबह एक नया मील का पत्थर साबित हुई। कैंपस में लगातार 19 दिनों तक चले छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद आखिरकार छात्रसंघ (AMUSU) की बहाली हुई और 8 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यूनिवर्सिटी को अपनी नई छात्र सरकार मिल गई। गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए मतदान के बाद पूरी रात चली वोटों की गिनती के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इतिहास विभाग के पीएचडी छात्र मोहम्मद नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर बंपर वोटों से जीत हासिल की। इसके साथ ही, छात्रसंघ के इतिहास में पहली बार किसी महिला उम्मीदवार ने केंद्रीय पद पर परचम लहराया है। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम उपाध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर एएमयू की पहली महिला उपाध्यक्ष बन गई हैं। वहीं, इंजीनियरिंग के छात्र मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर परचम फहराया।

जानें किसे मिले कितने वोट

रात भर चली मतगणना के बाद शुक्रवार सुबह चुनाव अधिकारियों ने परिणाम घोषित किए, जिनमें सभी पदों पर एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर विजेता मोहम्मद नोमान अशरफ रहे, जिन्हें 7,797 वोट मिले। नोमान के निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतखाब रहे, जिन्हें 3,676 वोट मिले। नोमान अशरफ ने 4,121 वोटों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम विजेता घोषित हुईं, जिन्हें 7,091 वोट मिले। नसरा के निकटतम प्रतिद्वंदी साकिब अली खान रहे, जिन्हें 5,818 वोट मिले और नसरा ने 1,273 वोटों से जीत हासिल की। मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान विजेता घोषित हुए, जिन्हें 8,385 वोट मिले। निकटतम प्रतिद्वंद्वी अहमद फराज राजी रहे, जिन्हें 6,882 वोट मिले। हमदान ने 1,503 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। तीनों शीर्ष पदों के उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा वोट मोहम्मद हमदान को मिले।

नसरा नईम की ऐतिहासिक जीत, AMUSU के शीर्ष पदों पर पहली महिला

एएमयू छात्रसंघ चुनाव 2026 के नतीजे केवल छात्र राजनीति की बहाली नहीं, बल्कि लैंगिक समावेशिता की दिशा में भी बड़ा कदम साबित हुए हैं। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम छात्रसंघ के 100 से अधिक वर्षों के इतिहास में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष या सचिव जैसे तीन प्रमुख पदों में से किसी पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला बन गई हैं। उनकी इस जीत को कैंपस में महिला छात्रों के बढ़ते प्रतिनिधित्व और अधिकार के रूप में देखा जा रहा है। एबीके गर्ल्स यूनियन स्कूल में गुरुवार शाम करीब 7-8 बजे मतगणना शुरू हुई थी। आधी रात के बाद जैसे-जैसे रुझान स्पष्ट होने लगे, कैंपस का माहौल उत्सवी होता चला गया। शुक्रवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के बीच परिणामों की औपचारिक पुष्टि होते ही मतगणना स्थल और यूनियन हॉल परिसर 'जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया और जमकर आतिशबाजी की।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article