शहर

एरियर पेमेंट कराने के बदले में सीएससी के बड़े बाबू ले रहे थे 45000 की घूस, धरे गए; डिप्टी सीएम ने कर दी ये कार्रवाई

यूपी के बस्ती जिले के एस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घूस लेने का एक मामला सामने आया है। जिसके बाद विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव पर कड़ी कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी वरिष्ठ सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Image

घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया सीएससी का वरिष्ठ सहायक (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव को रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रिटायर एएनएम से एरियर भुगतान कराने के बदले 45 हजार रुपए की घूस मांगने के आरोप सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की निदेशक प्रशासन अलका वर्मा ने आरोपी वरिष्ठ सहायक को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

विभागीय आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान प्रदीप श्रीवास्तव को अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चित्रकूट धाम मंडल बांदा के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत कार्यरत एएनएम सुनीता हाल ही में सेवानिवृत्त हुई हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उनके देयकों और एरियर भुगतान की प्रक्रिया चल रही थी।

आरोप है कि इसी दौरान वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव ने एरियर भुगतान के एवज में 45 हजार रुपए की मांग की थी। पीड़ित एएनएम का कहना है कि उन्होंने अपने भाई की मदद से आरोपी को रिश्वत देते समय वीडियो बनवा लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

वीडियो सामने आने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण की जांच चित्रकूट धाम मंडल बांदा के अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को सौंपी गई है। जांच में दोष सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article