वाराणसी

Weather Update: वाराणसी में भीषण गर्मी का कहर, दो दिन में 5 डिग्री चढ़ा पारा, जारी लू का अलर्ट; जानें मानसून कब देगा दस्तक

Weather Update: तीन दिन की राहत के बाद बढ़ने लगा वाराणसी का तापमान। मौसम विभाग ने वाराणसी में हीटवेव और भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। साथ ही ये भी बताया है कि आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Image

वाराणसी में मौसम का हाल

Photo : iStock

Weather Update: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मौसम विभाग ने भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। कुछ दिन पहले वाराणसी के तापमान में कमी दर्ज की गई। तापमान में कमी से लोगों को कुछ राहत मिली थी। लेकिन एक बार फिर वाराणसी में भीषण गर्मी का कहर बरसने लगा है। आग की भट्टी बने वाराणसी में तापमान कम होने की बजाए और बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में शहर का तापमान और बढ़ेगा।

रविवार की तुलना में सोमवार के तापमान में 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बता दें कि सोमवार को शहर का तापमान 44 डिग्री था। वहीं आज यानी मंगलवार को शहर का तापमान आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार 45 डिग्री दर्ज किया गया है। पिछले दो दिन में वाराणसी का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ा है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान यहां 28 से 29 के बीच में बना हुआ है। वाराणसी में दिन के साथ रात भी गर्म हो रही है। दिन में गर्मी और धूप में झुलसने के बाद लोगों को रात में भी चैन नहीं मिल रहा है। बढ़ते तापमान के बीच वाराणसी के लोगों का एक ही सवाल है कि बारिश कब होगी। मानसून कब आएगा।

लू का अलर्ट जारी

भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रही वाराणसी में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी में हीटवेव चलेगी। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक हीटवेव और भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। यूपी के 44 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में लखनऊ, कानपुर और झांसी भी शामिल है। लेकिन वाराणसी में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

कब आएगा मानसून

झुलसा देने वाली धूप और हीटवेव की मार झेल रहे वाराणसी के लोग बस बारिश की राह देख रहे हैं। वह मानसून के इंतजार में बस एक ही सवाल कर रहे हैं कि मानसून कब यूपी पहुंचेगा। मानसून को लेकर मौसम विभाग समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है। विभाग के पहले के अपडेट के अनुसार, यूपी में मानसून 20 जून तक पहुंचना था। लेकिन मानसून की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में मानसून तय समय से पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मानसून में झमाझम बारिश होगी। मानसून के आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना हो जाएगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article