वाराणसी

धोती-कुर्ता गले में पटका रुद्राक्ष, काशी विश्वनाथ मंदिर में पुजारी की पोशाक में UP पुलिस ; अखिलेश ने कहा कोई ठग...

Kashi Vishwanath Temple : वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में यूपी पुलिस के जवान खाकी वर्दी के बजाय धोती कुर्ता और गले में ओम नम: शिवाय का पटका ओढ़कर ड्यूटी करते नजर आए। पुलिस की इस पोशाक को देखकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भक्तों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।

Image

काशी विश्वनाथ मंदिर में धोती कुर्ता में पुलिस

Photo : Twitter

Kashi Vishwanath Temple : काशी में इन दिनों यूपी पुलिस नए कलेवर में नजर आ रही है। बाबा विश्वनाथ के दरबार की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के वेशभूषा को लेकर यूपी पुलिस निशाने पर आ गई है। यहां भीड़ को नियंत्रण कर रहे पुलिसकर्मी खाकी वर्दी के बजाय धोती कुर्ता और गले में ओम नम: शिवाय का पटका ओढ़कर ड्यूटी करते नजर आए। पुलिस वाले बाकायदा एक शिव भक्त की भांति माथे पर चंदन का त्रिकुंड और गले में रुद्राक्ष की माला डाले हुए नजर आ रहे हैं। ये मंदिर में जलाभिषेक करने आए श्रद्धालुओं को नो टच पॉलिसी के तहत हाथ जोड़कर ड्यूटी करते देखे गए।

पुजारी की पोशाक में पुुलिस, अखिलेश ने उठाए सवाल

पुजारी की पोशाक में पुुलिस, अखिलेश ने उठाए सवाल

पुलिस कमिश्नर ने दी ये दलील

दरअसल, वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के प्रयास में पुजारी की पोशाक में पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर तैनात किया गया है। पुलिस के इस कदम से विवाद पैदा हो गया है। उधर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसकी निंदा की और उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। ये पहल कोई और नहीं बल्कि खुद जोन के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने आदेश पर शुरू हुई है। पुलिस कमिश्नर का कहना है बाबा के दरबार में पुलिसिंग की अलग व्यवस्था के तहत इस कदम को उठाया गया है। मंदिर गर्भ गृह के आसपास तैनात पुलिसकर्मियों को गुड पुलिसिंग के तहत श्रद्धालुओं से कुशल व्यवहार करने की ट्रेनिंग दी गई है। ताकि मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालु पुलिस की अच्छी व्यवस्था को पहचान सकें। हालांकि, मंदिर के गर्भगृह के बार पुलिस खाकी वर्दी में ही नजर आएगी।

काशी विश्वनाथ मंदिर में पुजारी की पोशाक में पुुलिस

काशी विश्वनाथ मंदिर में पुजारी की पोशाक में पुुलिस

अखिलेश यादव ने उठाए ये सवाल

जानकारी के लिए बताते चलें कि इससे पूर्व भी मंदिर के गर्भगृह में पुलिसकर्मियों को धोती कुर्ता में तैनात किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद उस व्यवस्था को हटा लिया गया। अब एक बार फिर पुलिस को इस पोशाक में देखकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अपने 'एक्स' (पूर्व में ट्टविटर) पर एक वीडियो पोस्ट कर पूछा है कि "किस 'पुलिस मैनुअल' के अनुसार पुलिसकर्मियों को पुजारी की पोशाक में रखना सही है? ऐसे आदेश देने वालों को निलंबित कर दिया जाना चाहिए। अगर, कल को कोई ठग इसका फायदा उठाकर भोली-भाली जनता को लूट ले तो यूपी सरकार और प्रशासन क्या जवाब देगा। उन्होंने इसे निंदनीय करार दिया है।

उधर, वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का कहना है कि कि यह पहल न केवल भक्तों की भारी आमद को प्रबंधित करने के लिए की गई है, बल्कि उन्हें मंदिर में आने पर प्रभु के अच्छे दर्शन करने में भी मदद करेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article