वाराणसी

चंदौली में मासूम से दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले आरोपियों पर पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 27 अक्टूबर की रात एक छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया।

Chandauli Police Encounter: उत्तर प्रदेश के चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया। 27 अक्टूबर की रात दरिंदों ने एक छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में, पुलिस ने दो आरोपी लखराज बिंद और रंजीत बिंद को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, इन दोनों को चंदौली कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी, तभी पचफेड़वा गांव के पास पुलिस जीप अचानक खराब हो गई।

पुलिसकर्मी जीप की जांच में लगे थे, उसी दौरान दोनों आरोपी दरोगा की सर्विस पिस्टल छीनकर भाग निकले और रिंग रोड की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसी क्रम में, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें नियमताबाद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। पुलिस ने दरोगा की सरकारी पिस्टल बरामद कर ली है और दोनों आरोपियों को अस्पताल में पुलिस निगरानी में रखा गया है।

हेड कांस्टेबल के हाथ में लगी गोली

दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मी ने दोनो आरोपियों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया। जब पुलिस टीम अलीनगर के रेवसा गांव के पास रेलवे पुल के नीचे पहुंची, तो दोनों आरोपियों ने खुद को घिरा हुआ देख दरोगा से छीनी गई पिस्तौल से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी रणजीत और लेखराज के पैरों में गोली लगी। वहीं, आरोपियों की गोलीबारी में अलीनगर थाने के हेड कांस्टेबल रोशन यादव के बाएं हाथ में गोली लग गई।

पुलिस अधीक्षक ने लिया स्थिति का जायजा

घायल पुलिसकर्मी और दोनों आरोपियों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नियामताबाद में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरी स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों आरोपियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि घायल पुलिसकर्मी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। गौरतलब है कि ये दोनों आरोपी 27 अक्टूबर की रात एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार थे। वारदात के बाद वे बच्ची के घर के पास एक कमरे में भूसे के ढेर के नीचे छिप गए थे। तभी से पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article