वाराणसी

CM योगी आदित्यनाथ का आज प्रयागराज और वाराणसी दौरा, संघ प्रमुख मोहन भागवत से हो सकती है मुलाकात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हाल ही में महाकुम्भ का गवाह बने शहर प्रयागराज भी जाएंगे। CM योगी आदित्यनाथ आज काशी में संघ प्रमुख मोहन भागवत से भी मुलाकात कर सकते हैं, जिनका 5 दिन के काशी प्रवास आज से शुरू हो रहा है।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फाइल फोटो

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी गुरुवार 3 अप्रैल को प्रयागराज और वाराणसी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री आज राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत से भी मिल सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जल्द ही काशी का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा का मकसद पीएम मोदी के प्रस्तावित यात्री से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेना है। वह मेंहदीगंज में पीएम के जनसभा स्थल का भी निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वह वाराणसी में प्राचीन श्री राम मंदिर के जीर्णोंद्धार के लिए शिलान्यास भी करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन भी करेंगे। देर रात सर्किट हाउस में विश्राम करने के बाद मुख्यमंत्री कल यानी शुक्रवार 4 अप्रैल को गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

बता दें कि सर संघ चालक यानी संघ प्रमुख मोहन भागवत भी आज वाराणसी पहुंच रहे हैं। संघ प्रमुख पांच दिन बनारस में मौजूद रहेंगे। उनका पांच दिवसीय काशी प्रवास आज से शुरू हो रहा है। मोहन भागवत आज दोपहर को बाबतपुर एयरपोर्ट से महमूरगंज में निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। संघ प्रमुख 7 अप्रैल तक यहीं पर प्रवास करेंगे।

पीएम मोदी ने किया था नागपुर दौरा

ज्ञात हो कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर का दौरा किया था। उन्होंने यहां पर संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पहली बार संघ मुख्यालय पहुंचे थे। शिवसेना यूटीबी के नेता संजय राउत ने पीएम मोदी के संघ मुख्यालय के दौरे को उनकी रिटायरमेंट योजना से जोड़ दिया था। उनका कहना था कि रिटायरमेंट योजना की बारे में बात करने के लिए पीएम मोदी वहां गए।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article