वाराणसी

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या से काशी आएगी अखंड ज्योति, राम नगरी के लिए रवाना हुई मुस्लिम महिलाएं

अयोध्या से अखंड राम ज्योति लाने के लिए मुस्लिम महिलाओं का दल वाराणसी से निकल गया है। ये मुस्लिम महिलाएं भगवान राम की कई सालों से भक्ति कर रही हैं। रविवार को ये काशी वापस लौटेंगी।

Image

अयोध्या राम मंदिर (फोटो साभार - ट्विटर)

Varanasi News: अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का भव्य समारोह होने वाला है। इसको लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। अयोध्या से राम नाम की अखंड ज्योति को प्रज्वल्लित कर वाराणसी लाया जाएगा। खास बात ये है कि इसे मुस्लिम महिलाएं अयोध्या से काशी लेकर आएंगी। इसके लिए आज मुस्लिम महिलाओं का दल अयोध्या के लिए रवाना हो गया है।

राम भक्त हैं ये मुस्लिम महिलाएं

वाराणसी से दो महिलाएं डॉ. नाजनीन अंसारी और डॉ. नजमा परवीन कुछ अन्य मुस्लिम महिलाओं के साथ अयोध्या से अखंड ज्योति लाने के लिए निकली है। ये मुस्लिम महिलाएं कई सालों से श्रीराम की भक्त हैं। नाजनीन मुस्लिम महिला मंच की नेशनल सदस्य हैं और नजमा भारतीय आवाम पार्टी की नेशनल सदस्य हैं। जब ये महिलाएं राम ज्योति को लेकर काशी वापस आएंगी, तो 22 जनवरी को इस अखंड ज्योति से ही दीप जलाकर वाराणसी से ही प्राण प्रतिष्ठा के पूजन में शामिल होंगी।

रविवार को लौटेंगी अयोध्या

ये महिलाएं राम नाम के झंडे के साथ जय श्री राम का जयकारा लगाते हुए काशी से रवाना हुई हैं। अयोध्या में पहुंचने के बाद ये महिलाएं भगवान राम के दर्शन करेंगी। जिसके बाद साकेत भूषण श्रीराम फीट के पीठाधीश्वर महंत शंभू देवाचार्य से वे राम ज्योति लेंगी और रविवार को वापस काशी लौटेंगी। जहां लमही के सुभाष भवन में रामज्योति पहुंचेगी। इस राम ज्योति से 150 मुस्लिम लोग दिए जलाकर अपने घर लेकर जाएंगे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article