शहर

Varanasi: काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर बड़ा हादसा, सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अचानक चली गोलियां; 3 फूल वाले जख्मी, देखें CCTV फुटेज

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4B पर पीएसी जवान की सरकारी बंदूक से अचानक एक्सीडेंटल फायरिंग हो गई। गोली के छर्रे लगने से तीन फूल विक्रेता घायल हो गए हैं।

Image

गेट 4B पर हुई एक्सीडेंटल फायरिंग

Photo : PTI

Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर के सुरक्षा घेरे से एक बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार सुबह मंदिर के गेट नंबर 4B (नंदू फरिया गेट) पर सुरक्षा में तैनात प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के एक जवान की सरकारी बंदूक (कार्बाइन) से अचानक एक्सीडेंटल फायरिंग हो गई। इस हादसे में वहां मौजूद तीन स्थानीय फूल-माला विक्रेता घायल हो गए हैं। अचानक हुई इस फायरिंग से वीवीआईपी गेट के पास कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया, हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया।

हाथ से फिसलकर जमीन पर गिरी कार्बाइन

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से एक एक्सीडेंटल फायर थी। गेट नंबर 4B पर 48वीं वाहिनी पीएसी के सिपाही अमरनाथ चौहान ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनके हाथ से दो राउंड फायर हो गए। इस घटना पर जानकारी देते हुए डीसीपी (काशी जोन) गौरव बंसवाल ने बताया, "सुरक्षा क्षेत्र में तैनात एक पीएसी जवान के हाथ से कार्बाइन छूट गई, जिससे जमीन पर दो राउंड एक्सीडेंटल फायर हुए। गोली के छर्रे तीन फूल विक्रेताओं को लगे हैं, समें से एक को हाथ में, एक को कमर में और एक को पैर में चोट आई है। ये छर्रों से लगी मामूली चोटें हैं और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है। सभी की स्थिति पूरी तरह स्थिर है।"

गोली के छर्रे लगने से घायल हुए तीनों लोगों की पहचान निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव के तौर पर हुई है। ये सभी स्थानीय फूल-माला विक्रेता हैं।

घटना के तुरंत बाद मंदिर परिसर में तैनात अन्य सुरक्षा बलों और पुलिस अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई और घायलों को तुरंत कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सामने आए CCTV फुटेज के 34वें सेकेंड पर देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मी के हाथ से अचानक दो राउंड गोलियां जमीन पर फायर होती हैं, और पास खड़ा व्यक्ति अपना पांव देखता है और सुरक्षाकर्मी फ्रेम से बाहर चला जाता है।

व्यवस्था अब सामान्य

चूंकि काशी विश्वनाथ मंदिर देश के सबसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी वाले धार्मिक स्थलों में से एक है, इसलिए अधिकारी इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। थोड़ी देर के लिए हालात जरूर बिगड़े लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और इसमें कोई बाधा नहीं आई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article