शहर

वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे में अचानक आई तकनीकी खराबी से मचा हड़कंप, अयोध्या और लखनऊ भेजी गईं कई उड़ानें; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को रनवे में अचानक तकनीकी खराबी सामने आने से हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। सुरक्षा के चलते दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विमानों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई, जिससे कई उड़ानों के रूट में बदलाव करना पड़ा।

Image

रनवे में तकनीकी गड़बड़ी के चलते थमा वाराणसी एयरपोर्ट का संचालन

Varanasi Airport: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद कुछ समय के लिए हवाई यातायात रोकना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक रनवे से विमानों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई। इस दौरान वाराणसी आने वाली तीन उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा, जबकि तीन अन्य फ्लाइट्स को उनके रवाना होने वाले एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।

रनवे में समस्या के बाद तत्काल शुरू हुआ मरम्मत कार्य

रनवे में गड़बड़ी का पता चलते ही एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद एहतियातन कुछ समय के लिए सभी उड़ानों का संचालन रोकने का फैसला लिया गया। रनवे को जल्द से जल्द परिचालन के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मरम्मत का काम भी तुरंत शुरू कर दिया गया। इसी दौरान दिल्ली से वाराणसी पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 को अयोध्या के लिए डायवर्ट कर दिया गया। बताया गया कि विमान वाराणसी एयरस्पेस में पहुंचने के बाद कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाता रहा, लेकिन रनवे की स्थिति को देखते हुए उसे अयोध्या भेजने का निर्णय लिया गया।

अहमदाबाद और नवी मुंबई से आने वाली फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट

अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की उड़ान 6E 6805 को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। इसी तरह नवी मुंबई से वाराणसी पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2442 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया। इसके अलावा अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन उड़ानों को उनके संबंधित मूल एयरपोर्ट पर ही होल्ड कर दिया गया। रनवे पर परिचालन दोबारा शुरू होने तक इन विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।

यात्रियों में बढ़ी चिंता, एयरलाइंस काउंटर पर जुटे लोग

फ्लाइट्स के डायवर्जन और संचालन रुकने के कारण यात्रियों को काफी असुविधा हुई। एयरपोर्ट पर यात्रियों को रिसीव करने पहुंचे परिजन भी उड़ानों की स्थिति जानने के लिए परेशान नजर आए। कई यात्रियों ने एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर फ्लाइट की स्थिति की जानकारी ली, जबकि कुछ लोग फोन के जरिए एयरपोर्ट अधिकारियों और अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क करते रहे।

करीब दो घंटे में मरम्मत पूरी होने की उम्मीद

एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे में समस्या सामने आने के तुरंत बाद मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया था। सुरक्षा कारणों से दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक विमानों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रखी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मरम्मत का कार्य लगभग दो घंटे में पूरा हो जाएगा और इसके बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन फिर से सामान्य कर दिया जाएगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article