शहर

Vaishali: 15,000 की घूस लेते धराया दारोगा; केस डायरी लिखने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, पटना से आई टीम ने दबोचा

बिहार के वैशाली में निगरानी विभाग ने पातेपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर को 15,000 की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटना की 10 सदस्यीय टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

Image

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की हिरासत में दारोगा

Photo : Times Now Digital

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति का असर देखने को मिला है। पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की 10 सदस्यीय विशेष टीम ने पातेपुर थाने में तैनात एक दारोगा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बिहार में सरकारी तंत्र को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की कड़ी में निगरानी विभाग ने सोमवार को यह सफलता हासिल की। पातेपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पटना से आई निगरानी की टीम आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।

क्या है पूरा मामला?

निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र राम ने बताया कि परिवादी चंदन कुमार ने ब्यूरो के पास एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामला पातेपुर थाना कांड संख्या 84/26 और 85/26 से जुड़ा था, जो कि एक आपसी विवाद का 'काउंटर केस' था। इस केस के इनवेस्टिगेशन ऑफिसर (IO) दारोगा अखिलेश सिंह थे। आरोप है कि केस डायरी लिखने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में दारोगा ने 15,000 रुपये की मांग की थी।

निगरानी की टीम ने बिछाया जाल

शिकायत का वेरिफिकेशन होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने एक विशेष टीम का गठन किया। डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में सुनील कुमार सिंह, रवि कुमार और रितेश कुमार सिंह सहित 10 अनुभवी अधिकारियों की टीम पातेपुर पहुंची। जैसे ही दारोगा अखिलेश सिंह ने पीड़ित से रिश्वत की राशि स्वीकार ली पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उन्हें दबोच लिया।

भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: डीएसपी का संदेश

गिरफ्तारी के बाद जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की गई और आरोपी दारोगा को पटना ले जाया गया है, जहां उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। निगरानी डीएसपी सत्येंद्र राम ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी सरकारी सेवक को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की यह कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article