Vadodara Bridge Collapse: गुजरात के वडोदरा में गंभीरा ब्रिज हादसे में अब तक 16 शव बरामद किए गए हैं। अभी भी 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कलेक्टर के अनुसार नदी में अभी दो और वाहनों के होने की संभावना है। लापता लोगों की तलाश और जांच जारी है। वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला यह गंभीरा ब्रिज बुधवार सुबह टूट गया था। जिससे कई वाहन नदी में गिर गए थे। घटनास्थल पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
40 साल पुराना है गंभीरा पुल
वडोदरा में पादरा कस्बे के पास बना गंभीरा करीब 40 साल पुराना है। यह पुल महिसागर नदी पर बना हुआ है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे इस पुल का एक स्लैब अचानक ढह गया, जिससे पुल से गुजर रहे कई वाहन सीधे नदी में गिर गए। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ गई है। आज सुबह तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। जिसके बाद अब जान गंवाने वालों की संख्या 16 हो गई है। एनडीआरएफ और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा। अभी भी लापता लोगों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे की उच्च स्तरीय जांच
वडोदरा के जिलाधिकारी अनिल धमेलिया ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के लिए सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचे। वहीं, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें रात भर मौके पर तैनात रहीं। हादसे ने पुलों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
