शहर

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, फरीदाबाद के युवक की मौत, 14 घायल; 6 की हालत गंभीर

उत्तराखंड के रामगढ़ के पास भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली और फरीदाबाद से पर्यटकों को ले जा रहा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

Image

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा

Photo : ANI

उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ियों में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बड़ा हादसा सामने आया है। भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर रामगढ़ से करीब 3 किलोमीटर पहले एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में फरीदाबाद के 24 वर्षीय युवक सुमित पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य यात्री घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर का यह टेम्पो ट्रैवलर फरीदाबाद, हरियाणा और दिल्ली के पर्यटकों को लेकर मुक्तेश्वर से भवाली की ओर जा रहा था। इसी दौरान रामगढ़ से पहले वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही भवाली के क्षेत्राधिकारी (CO) रविकांत सेमवाल की अगुवाई में राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

6 यात्रियों को हल्द्वानी किया गया रेफर

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन में फंसे एक यात्री को निकालने के लिए कटर का सहारा लेना पड़ा। इस दुर्घटना में 10 महीने की मासूम बच्ची मिस्टी समेत कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

हादसे के कारणों के पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं, स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम की तत्परता से 6 यात्रियों (धर्मेंद्र, डॉली, अंजलि, धीरज, अंकित और सोनिया) को पूरी तरह सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। पुलिस ने मृतक सुमित पाल सिंह के परिजनों को सूचित कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article