शहर

Uttarakhand News: कीवी मिशन के जरिए धामी सरकार का फोकस किसानों की आमदनी बढ़ाने पर

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राज्यमें 'कीवी मिशन' के जरिए उच्च गुणवत्ता वाली बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को उन्नत पौधे, तकनीकी मार्गदर्शन और लगभग 70 फीसद तक सब्सिडी देकर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Image

उत्तराखंड में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए किवी फार्मिंग पर जोर

Uttarakhand News: उत्तराखंड सरकार राज्य में बागवानी आधारित कृषि को बढ़ावा देने के लिए 'कीवी मिशन' पर विशेष फोकस कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी गुरुवार 6 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में प्रदेश में उच्च गुणवत्ता वाली कीवी की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को उन्नत पौधे, तकनीकी मार्गदर्शन और सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

CM Pushkar Singh Dhami ने कहा कि कीवी मिशन का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक लाभकारी फलोत्पादन की ओर प्रेरित करना है। सरकार की तरफ से कीवी बागानों की स्थापना पर लगभग 70 फीसद तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा उत्पाद की मार्केटिंग में मदद और क्लस्टर आधारित खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।

उत्तराखंड की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियां समशीतोष्ण फलों की खेती के लिए अनुकूल मानी जाती हैं। पिछले कुछ वर्षों में राज्य के पर्वतीय जिलों में सेब, कीवी, अखरोट और अन्य उच्च मूल्य वाले फलों की खेती का दायरा लगातार बढ़ा है। सरकार का मानना है कि बागवानी क्षेत्र का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कीवी एक उच्च मूल्य वाली फल की फसल है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बनी रहती है। वैज्ञानिक तरीके से इसकी खेती करने पर किसानों को पारंपरिक फसलों की तुलना में बेहतर आय प्राप्त हो सकती है। इसी कारण राज्य सरकार किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और कृषि को ज्यादा लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कीवी मिशन से राज्य में बागवानी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article