शहर

स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले स्नैप प्रोटेस्ट का अलर्ट, सुरक्षाबलों ने की दिल्ली की किलेबंदी

आगामी 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। लालकिला पर 12 हजार पुलिसकर्मी, एआई सीसीटीवी, स्नाइपर्स और मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Image

दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के लिए बढ़ाई गई सुरक्षा

15 अगस्त को देश अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इसका मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लालकिला पर आयोजित होता है, जहां से प्रधानमंत्री देश को संबोधित करते हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने अभूतपूर्व और कई लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों, खालिस्तानी एलिमेंट्स और अचानक होने वाले (स्नैप) प्रोटेस्ट की आशंका को देखते हुए यह व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है।

इस बार लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में लगभघ 24 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। समारोह की सुरक्षा के लिए लगभग 12 हजार दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा अलग-अलग सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां आपसी को-ऑर्डिनेशन के साथ पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी।

निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लाल किला और आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों में 1000 से ज्यादा अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित वीडियो एनालिटिक्स की सुविधा होगी, जिससे रियल-टाइम मॉनिटरिंग, क्राउड मैनेजमेंट, लोगों की आवाजाही पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाने में मदद मिलेगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक्सेस कंट्रोल, एंटी-सबोटाज जांच, क्विक रिएक्शन टीम (QRT), रणनीतिक स्थानों पर स्नाइपर्स, इमारतों की छतों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, विशेष SWAT कमांडो, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, वाहनों की सघन जांच, लगातार गश्त और पूरे सुरक्षा क्षेत्र में कड़ी निगरानी की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा खतरे और खुफिया इनपुट को ध्यान में रखते हुए यह सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। इसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों, खालिस्तानी तत्वों और अचानक होने वाले विरोध प्रदर्शनों की आशंका को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसके अलावा दिल्ली के महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, संवेदनशील इलाकों, रणनीतिक स्थानों और बस अड्डों व रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article