शहर

जयंत चौधरी को लगा बड़ा झटका; यूपी प्रदेशाध्यक्ष रामाशीष राय ने RLD से दिया इस्तीफा

राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रामाशीष राय ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया।

Image

रामाशीष राय ने छोड़ी रालोद (फाइल फोटो साभार: @Ramashishmlc)

Photo : Twitter

राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रामाशीष राय ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया। रामाशीष राय ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत के दौरान इस्तीफ़ा देने की पुष्टि की।

रामाशीष ने जयंत चौधरी को भेजा इस्तीफा

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। इस बीच, रामाशीष राय ने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को पत्र के जरिए इस्तीफा भेजा और इसे सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। रालोद भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का एक प्रमुख घटक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार में साझेदार है।

रामाशीष राय को 27 मई 2022 को राष्ट्रीय लोकदल की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने अपने पत्र में कहा, "संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हो रहे प्रहार से लोकतंत्र आज खतरे में है। व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश, इन्हीं वैचारिक एवं नैतिक कारणों से मैं राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत कर रहा हूं।''

उन्होंने पत्र में संगठन के लिए अपने योगदान का उल्लेख करते हुए युवाओं, छात्रों, किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया। रामाशीष राय ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र धीरे-धीरे धनबल और प्रभावशाली वर्गों के नियंत्रण में सिमटता दिखाई दे रहा है और समाज को जाति, उपजाति व संप्रदाय के आधार पर विभाजित करने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है।

रामाशीष राय ने अपने त्यागपत्र में कहा, ''मैं राजनीति, में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के 1974-75 के संपूर्ण क्रांति आंदोलन से प्रेरित होकर जुड़ा था। उस समय भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, लोकतांत्रिक संस्थाओं का क्षरण तथा शासन-प्रशासन की जवाबदेही जैसे प्रश्न राष्ट्रीय चिंता के विषय थे। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान करते हुए व्यवस्था परिवर्तन का जो स्वप्न देश के सामने रखा था, वह आज भी अधूरा प्रतीत होता है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article