UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित 27 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांडरी गांव निवासी विमलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार की देर रात नवाबगंज इलाके में ग्रीम डैम के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान, आरोपी के पैर में गोली लगी।
नवाबगंज के क्षेत्राधिकारी (CO) नीलेश मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम विमलेश और उसके एक साथी ने 14 वर्षीय नाबालिग को जबरन गन्ने के खेत में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।
क्या है पूरा मामला?
घटना के समय एक आठ साल का बच्चा इसका चश्मदीद बना। उसने लगभग आधा किलोमीटर दौड़कर पास ही घास काट रही अपनी मां को मामले की जानकारी दी। हालांकि, जब तक पीड़िता की मां मौके पर पहुंची, दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
इस मामले में 10 अगस्त को पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विमलेश कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की थी।
आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को विमलेश की लोकेशन की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी मामले में सभी 8 आरोपियों की बढ़ी न्यायिक हिरासत; वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
तमंचा और कारतूस बरामद
आरोपी को रात करीब 10:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोका बरामद हुआ है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
