उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (26 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदलता नजर आ रहा है और इसके चलते कभी ठंड तो कभी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। हाल ही में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई, जिससे ठंड और गलन बढ़ गई और कुछ क्षेत्रों में पाले की स्थिति भी बनने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखाना शुरू करेगा। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में घने बादल छाए रहने और व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ से लेकर नोएडा तक कई प्रमुख इलाकों में इस पश्चिमी विक्षोभ का स्पष्ट असर देखने को मिलेगा।
इन जिलों में रहेगा अलर्ट
IMD की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने 26 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। इस अलर्ट के दायरे में गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, झांसी, रामपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, आगरा, रायबरेली, अलीगढ़ और मथुरा सहित कुल 21 जिले आते हैं। विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के चलते ठंड का असर और बढ़ सकता है। खासतौर पर सुबह के समय ठिठुरन अधिक महसूस होने की संभावना है, ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
आगामी दिनों में अगर उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो 27 और 28 जनवरी 2026 को राज्य में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
कैसा रहेगा तापमान?
वहीं, तापमान को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद कुछ दिनों तक हल्की बढ़ोतरी और फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा, उत्तरी उत्तर प्रदेश में 27 जनवरी तक सुबह और रात के समय घने कोहरे की स्थिति भी कुछ इलाकों में देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
