UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-December-2025: उत्तर प्रदेश में सर्दी अब और तीखी होने जा रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले 24 से 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। कई जिलों में भारी ठंड, कोल्ड डे और घने कोहरे का असर देखा जाएगा, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ यातायात भी बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
30 से अधिक जिलों में कोहरे की चादर
राज्य के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में कोहरे का दायरा काफी बड़ा रहने वाला है। प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मीरजापुर, जौनपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर और बाराबंकी समेत कई जिलों में शुक्रवार को अत्यधिक कोहरा छाने की संभावना है। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर या उससे भी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर सीधा असर पड़ेगा।
ऑरेंज और येलो अलर्ट, बढ़ी चिंता
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश में कोल्ड वेव और कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, जौनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, कानपुर नगर और बाराबंकी जैसे जिलों में ‘अत्यंत शीत दिवस’ की स्थिति बन सकती है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा। वहीं प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोंडा, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और अयोध्या सहित कई अन्य जिलों में शीत दिवस का असर देखने को मिलेगा।
रात की ठंड बढ़ाएगी गलन
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और वहां हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसका असर यह होगा कि दिन में भले ही तापमान में हल्की बढ़ोतरी दिखे, लेकिन रात के समय गलन और ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी। खासतौर पर मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में ठिठुरन लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
31 दिसंबर तक जारी रह सकता है असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में कोहरे और शीतलहर का यह दौर 31 दिसंबर तक जारी रह सकता है। 28 दिसंबर तक कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा, इसके बाद येलो अलर्ट में तब्दील हो सकता है। फिलहाल राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिन यूपी के लिए कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच गुजरने वाले हैं।
