मुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार स्थित हाजी इस्माईल हाजी हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने 30 नवंबर तक रोक लगा दी है। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक इमारत में किसी के भी प्रवेश पर पाबंदी लगाई है। इसमें परिसर में स्थित मस्जिद भी शामिल है। अदालत ने इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए इसे बेहद खतरनाक बताया है और कहा है कि अंदर जाना जानलेवा हो सकता है।
पाकमोडिया स्ट्रीट पर स्थित यह इमारत 150 साल से अधिक पुरानी बताई जाती है। कभी यह हज यात्रियों के ठहरने के लिए मुसाफिरखाने के रूप में इस्तेमाल होती थी। बाद में यहां 36 दुकानें और गोदाम बन गए। बताया जाता है कि 1970 के दशक में दाऊद इब्राहिम का परिवार इसी इमारत में रहता था। बाद में इसका इस्तेमाल दाऊद के गैंग के अनौपचारिक ठिकाने के तौर पर भी हुआ।
60-70 फीसदी हिस्सा गिरा चुकी है BMC
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस इमारत को C-1 श्रेणी में रखते हुए बेहद खतरनाक और जर्जर घोषित किया था। इसी आधार पर 19 नवंबर को इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान इसका करीब 60 से 70 फीसदी हिस्सा तोड़ा जा चुका था। इसी बीच बॉम्बे हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप करते हुए यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।
वक्फ संपत्ति होने का दावा, BMC ने दिया 2018 के नोटिस का हवाला
इस मामले में याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मुसाफिरखाना वक्फ संपत्ति है और BMC ने महज 24 घंटे का नोटिस देकर तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी, जो नियमों के खिलाफ है। दूसरी ओर, BMC का कहना है कि इमारत को लेकर पहला नोटिस वर्ष 2018 में ही जारी किया गया था।
फिलहाल हाईकोर्ट ने 30 नवंबर तक तोड़फोड़ पर रोक लगा दी है। इसी दिन मामले की अगली सुनवाई होगी। अदालत के अगले आदेश से तय होगा कि इमारत को गिराने की कार्रवाई आगे बढ़ेगी या रोक जारी रहेगी।
