शहर

ललितपुर में रफ्तार का कहर; फॉर्च्यूनर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दो की हालत नाजुक

यूपी के ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र के बरखेरा गांव में देर रात हुए सड़क हादसे में पल्सर सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक नशे में था और टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई।

Image

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी

Photo : Times Now Digital

Lalitpur Accident: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक परिवार को उजाड़ दिया। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बरखेरा में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पल्सर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

कीर्तन से लौटते समय हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक ग्राम बरखेरा निवासी शिवेन्द्र यादव अपने गांव के ही अन्नू यादव और शंकर के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से कीर्तन में शामिल होने गए थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे तीनों युवक सड़क किनारे खड़े होकर बाइक पर बैठने की तैयारी कर रहे थे, तभी जाखलौन की ओर से आ रही एक नई फॉर्च्यूनर कार ने तेज रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार के सभी एयरबैग खुल गए।

एक की मौत, दो की हालत नाजुक

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिवेन्द्र यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्नू यादव और शंकर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में थी और चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद कार सवार युवक अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक एक राजनीतिक रसूखदार का बेटा है।

ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह जाखलौन-ललितपुर मार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भारी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। जाम और प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि ग्राम बरखेरा के पास फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से एक युवक की मौत हुई है और दो घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात है, मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article