शहर

Jhansi: जेलर साहब के घर ही हो गया 'खेल'! कामवाली ने प्रेमी को मोबाइल दिलाने के लिए कर डाली लाखों की चोरी, ऐसे खुला राज

Jhansi News: झांसी के जेलर अंजनी कुमार गुप्ता के सरकारी आवास में लाखों की चोरी हो रही थी। जिसके बाद पुलिस ने कामवाली और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया और 2 लाख नकद और गहने बरामद हुए हैं।

Image

कामवाली और उसका प्रेमी गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Jhansi News: हिंदी सिनेमा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'शोले' का वह मशहूर डायलॉग तो आपको याद ही होगा, "मेरी जेल में सुरंग!" रील लाइफ का यह डायलॉग भले ही दर्शकों को गुदगुदाता हो, लेकिन झांसी में यह रियल लाइफ में सच साबित हो गया है। यहां जेलर साहब के घर में ही सेंध लग गई। उनके घर काम करने वाली नौकरानी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वे अब असली जेल की हवा खा रहे हैं।

जेलर के सरकारी आवास में हो रही थी चोरी

झांसी कारागार में जेलर के पद पर तैनात अंजनी कुमार गुप्ता जेल परिसर में ही स्थित सरकारी आवास में अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। पिछले काफी दिनों से जेलर साहब के पर्स से अक्सर रुपये गायब हो रहे थे और घर का कुछ कीमती सामान भी कम हो रहा था।

थाना नवाबाद में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जेलर की पत्नी ने बताया कि वह 26 जून को अपनी रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई गई हुई थीं। इस दौरान उनके पति (जेलर अंजनी कुमार गुप्ता) झांसी के आवास में ही थे। जब वह 1 जुलाई को वापस लौटीं, तो उन्होंने अलमारी चेक की। अलमारी से तमाम कीमती जेवर और अन्य सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। चूंकि उनके सरकारी आवास में बाहरी लोगों का आना-जाना नहीं था और केवल कामवाली मिथलेश ही घर के काम के लिए आती थी, इसलिए जेलर की पत्नी का सीधा शक उसी पर गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नवाबाद पुलिस को दी।

सख्ती से पूछताछ में कामवाली ने उगला सच

शिकायत मिलने के बाद थाना नवाबाद पुलिस ने कामवाली मिथलेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। जिसमें उसने खुलासा किया कि उसने इस पूरी चोरी की वारदात को अपने प्रेमी अमित के साथ मिलकर अंजाम दिया था। चोरी के पैसों से मिथलेश ने अपने प्रेमी को एक नया मोबाइल फोन भी खरीद कर दिया था। पुलिस ने अमित को भी धर दबोचा है और चोरी का माल बरामद कर लिया है। जिसमें 2 लाख रुपये नकद, सोने और चांदी के जेवर और कीमती बर्तन भी शामिल हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article