शहर

Firozabad Encounter: फिरोजाबाद में आधी रात को गूंजी गोलियां! सोने की माला उड़ाने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने मारकर किया 'लंगड़ा'; 4 गिरफ्तार

Firozabad Encounter: फिरोजाबाद में थाना उत्तर पुलिस और टप्पेबाजों के बीच शुक्रवार की रात मुठभेड़ हो गई। 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार हुए हैं, वहीं जवाबी फायरिंग में दो के पैर में लगी गोली है। चोरी के डेढ़ लाख रुपये और हथियार बरामद किए गए हैं।

Image

अस्पताल में भर्ती घायल बदमाश

Photo : Times Now Digital

Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में अपराधियों के खिलाफ जारी धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। थाना उत्तर पुलिस और शातिर टप्पेबाजों के बीच शुक्रवार की रात हुई भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने एक नामी गैंग के 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है।

बेंदी की पुलिया के पास हुई मुठभेड़

शुक्रवार की रात फिरोजाबाद का थाना उत्तर इलाका गोलियों की तड़तड़ाहत से गूंज उठा। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि इलाके में लगातार टप्पेबाजी और राहजनी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक शातिर गैंग किसी बड़ी वारदात की नीयत से बेंदी की पुलिया के पास जुटने वाला है।

सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की नाकेबंदी कर दी। खुद को पुलिस की घेराबंदी में पाकर बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभाला, जिसमें दो शातिर बदमाश जग्गू उर्फ जगदीश और सुभाष पैर में गोली लगने से घायल होकर वहीं गिर पड़े। वहीं, मुठभेड़ के दौरान भागने की कोशिश कर रहे उनके दो अन्य साथियों, तनुज और दिनेश को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर दबोच लिया।

मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को बनाया था निशाना

इस गैंग की सरगर्मी से तलाश तब शुरू हुई जब बीते 23 जून को इसी शातिर गिरोह ने थाना उत्तर इलाके में ही मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बनाया था। बदमाश बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी ठग कर रफूचक्कर हो गए थे। SSP आदित्य लांग्हे ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की थीं।

डेढ़ दर्जन मामले हैं दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए इन चारों बदमाशों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और 3 अवैध तमंचे, साथ ही भारी मात्रा में जिंदा, खोखा कारतूस और 3 मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि गिरफ्त में आए यह चारों आरोपी साधारण अपराधी नहीं हैं, बल्कि एक संगठित गैंग के रूप में काम करते थे। इन चारों बदमाशों के खिलाफ आगरा और फिरोजाबाद के अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और टप्पेबाजी जैसे डे 18 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article