शहर

Meerut News: हिंडन नदी पुल से नीचे गिरी पुलिस की कार; हेड कांस्टेबल समेत दो की मौत, तीन घायल

मेरठ-बागपत सीमा पर मंगलवार तड़के हिंडन नदी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। बागपत पुलिस टीम की निजी कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

पुल के नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हुई कार

Photo : Times Now Digital

UP Accident News: मेरठ-बागपत सीमा पर मंगलवार तड़के एक भीषण दुर्घटना हुई, जब बागपत पुलिस टीम की निजी कार हिंडन नदी पुल के पास अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे में हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बागपत पुलिस की टीम मेरठ के जानी क्षेत्र में एक मामले की जांच पूरी कर वापस लौट रही थी। हादसे का शिकार हुई कार हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी की बताई जा रही है, जो डोला चौकी पर तैनात थे। टक्कर के बाद वाहन संतुलन खो बैठा और पुल से नीचे जा गिरा।

घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल पुलिसकर्मी कौशल कुमार शर्मा और एक निजी व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का उपचार मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां हिंडन नदी पर पुराना और नया पुल मौजूद है। आशंका है कि तेज गति के कारण कार संतुलन खोकर दोनों पुलों के बीच से निकल गई और पुल के पिलर से टकराकर करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर फॉर्च्यूनर हादसा

एक और घटना उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सामने आई। बांगरमऊ क्षेत्र में एक फॉर्च्यूनर कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। कार पहले आगे चल रही गाड़ी से टकराई और फिर डिवाइडर से जा भिड़ी। इस हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, फॉर्च्यूनर में सवार सभी लोग गाजियाबाद के निवासी थे और किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना पर यूपीडा और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

मेरठ और उन्नाव दोनों घटनाओं में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसों के पीछे तेज रफ्तार, वाहन का तकनीकी फेल होना या मौसम संबंधी कारणों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article