शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (23 Feb 2026) UP Weather Today: यूपी में फरवरी में ही सताने लगी गर्मी, 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23 Feb 2026: यूपी में अब मौसम ठंड से गर्मी की ओर रुख कर रहा है। दिन में धूप की तल्खी बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम सर्दी भी अब कम हो रही है। रविवार को यूपी के बांदा में 30 डिग्री के पार तापमान दर्ज किया गया।

Image

आज यूपी का मौसम

यूपी में आज का मौसम (23 Feb 2026): उत्तर प्रदेश में सर्दी की विदाई होने लगी है और गर्मी दस्तक देने लगी है। अब सिर्फ सुबह-शाम ही गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं दिन में तेज धूप निकल रही है। जिससे तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है और दिन में हल्की गर्मी भी महसूस होने लगी है। यूपी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार जा चुका है। रविवार को सबसे गर्म शहर बांदा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में इस बार तय समय से पहले ही गर्मी का असर दिखने लगा है। दिन के साथ ही अब रात में भी ऊनी कपड़ों की जरूरत लगभग खत्म हो गई है। कई जगहों पर लोग कंबल के साथ पंखे का भी इस्तेमाल करने लगे हैं।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान कहीं भी किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सुबह घने कोहरे का असर भी खत्म हो चुका है। सिर्फ कहीं-कहीं पर छिछला कोहरा देखने को मिल रहा है। लेकिन दिन होते ही यह छंट जाएगा। आसमान साफ रहने के कारण दिन में तेज धूप भी खिली रहने की संभावना है। इस पूरे हफ्ते में यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के कोई आसार नहीं हैं। राज्य में फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हालांकि कोई वेदर सिस्टम अभी प्रदेश के मौसम पर प्रभाव नहीं डाल रहा है।

लखनऊ में आज फरवरी का सबसे अधिक तापमान रहेगा

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज फरवरी का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की संभवाना है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। आज लखनऊ में दिन का तापमान 30 डिग्री और रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज होने की संभावना है। आगामी 28 फरवरी को तापमान इससे भी ऊपर पहुंच सकता है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम पारा 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में अगले 7 दिन तापमान

आईएमडी के अनुसार यूपी में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 7 दिनों तक कोई विशेष बदलाव होने का पूर्वानुमान नहीं है। यूपी में अब कहीं भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज नहीं किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला फतेहपुर रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद कानपुर नगर में 11.6 डिग्री, नजीबाबाद में 12 डिग्री और बहराइच में 12.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया। वहीं अधिकतम तापमान बांदा में 31.4 डिग्री, वाराणसी में 31.1 डिग्री, प्रयागराज में 30.5 डिग्री और बाराबंकी में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article