यूपी में आज का मौसम (19 Feb 2026): उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद अब मौसम ठंडा हो गया है। आज सुबह ठंडी हवाएं चलने से गलन का भी एहसास हुआ। बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। हालांकि पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में इस बदलाव का कोई विशेष प्रभाव देखने को नहीं मिला। बुधवार को यूपी का सबसे ठंडा जिला बांदा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आइए जानते हैं कि आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में आज मौसम साफ रहेगा। फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश के कोई आसार नहीं है। हालांकि पछुआ हवा चलने से न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।
लखनऊ-नोएडा में आज मौसम का हाल
IMD के अनुसार, आज नोएडा में सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है। वहीं अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है। यूपी की राजधानी लखनऊ में भी दिन में धूप खिली रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम पारा 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। प्रयागराज में भी ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।
यूपी में आगरा रहा सबसे गर्म
यूपी में बुधवार को नोएडा और बुलंदशहर में दोपहर में बारिश दर्ज की गई। मेरठ और बरेली में आसमान में बादल छाए रहे। संभल, गाजियाबाद और अमरोहा में तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। वहीं मथुरा में दिन में तेज धूप खिली रही। पिछले 24 घंटे में यूपी में सबसे गर्म जिला आगरा रहा, यहां का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद झांसी का 31.8 डिग्री और प्रयागराज का 31.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रहा।
