यूपी में आज का मौसम (16 June 2026): उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को मथुरा समेत पांच जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं बदायूं में ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने आज भी 8 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश का मौसम बना हुआ है। यह विक्षोभ 11 जून से ही सक्रिय बना हुआ है। जिसका प्रभाव 18 जून तक रहने की संभावना है। इसके साथ ही यह सीजन का सबसे लंबा विक्षोभ बन गया है। मानसून की बात करें तो यह यूपी के बॉर्डर तक पहुंच चुका है। जल्द ही इसकी आगमन की संभावना है।
यूपी में 16 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज आगरा, मेरठ, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, बुलंदशहर, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। शेष हिस्सों में कोई अलर्ट नहीं है। ऐसे में इन जिलों में तेज धूप निकली रहेगी। जिससे दिनभर उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। गर्मी बढ़ने के साथ ही तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। दिन का तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है।
यूपी के किन जिलों में पड़ रही तेज गर्मी
यूपी में भले ही प्री-मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। लेकिन कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। बुंदलेखंड और दक्षिणी जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। सोमवार को यूपी का सबसे गर्म जिला बांदा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद प्रयागराज में 41.4 डिग्री, जालौन में 41.4 डिग्री, झांसी में 40.9 डिग्री और हमीरपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
