यूपी में आज का मौसम (05 Feb 2026): उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थम चुका है। जिसके बाद फिर से कोहरे का प्रभाव बढ़ गया है। आज यूपी के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिससे सुबह के समय विजिबिलिटी काफी प्रभावित रह सकती है। प्रदेश में फिलहाल सर्द हवाएं बह रही है। जिससे सुबह-शाम कंपकंपी अधिक महसूस हो रही है। हालांकि दिन में कई जगहों पर धूप निकलने से राहत बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में यूपी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, यह बाराबंकी में दर्ज किया गया।
यूपी में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी हिस्से में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं भी चल सकती है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आज घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट है।
यूपी में अगले 4 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार, यूपी में अगले 4 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 15 से 25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। 6 फरवरी को पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। जिसके लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आने वाले दिनों में कोहरे का प्रभाव भी कम हो सकता है। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में 2-4 डिग्री पारा नीचे लुढ़क सकता है।
पहाड़ों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। जिससे पहाड़ी राज्यों के मौसम में प्रभाव देखने को मिल सकता है। हालांकि इस वेदर सिस्टम का फिलहाल यूपी के मौसम में बदलाव को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है। यूपी में 8 से 10 फरवरी के बीच मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
