शहर

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, लखनऊ और प्रयागराज को मिले नए पुलिस कमिश्नर; कई IPS अधिकारियों का हुआ तबादला

उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में लखनऊ और प्रयागराज के नए पुलिस आयुक्तों की नियुक्ति समेत कई अहम पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

Image

लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस आयुक्तों समेत 15 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर (प्रतीकात्मक फोटो)

Uttar Pradesh IPS Transfers 2026: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने मंगलवार को लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस आयुक्तों (Police Commissioners) समेत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 अधिकारियों का तबादला कर दिया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र के. सेंगर को अपर पुलिस महानिदेशक (आसूचना) नियुक्त किया गया है जबकि तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

प्रयागराज के पुलिस आयुक्त का हुआ तबादला

बयान में बताया गया कि प्रयागराज के पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार का तबादला मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक (पीटीएस) पद पर किया गया है। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, आनंद एस. कुलकर्णी को उत्तर प्रदेश सरकार में सचिव (गृह) बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (गोरखपुर जोन) अशोक जैन को महानिदेशक (अग्निशमन एवं आपात सेवाएं) नियुक्त किया गया जबकि अपर पुलिस महानिदेशक (लॉजिस्टिक्स) राम कुमार को गोरखपुर जोन का नया एडीजी बनाया गया है।

कौन होगा वाराणसी जोन का एडीजी?

बयान के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) नवीन अरोड़ा को वाराणसी जोन का एडीजी नियुक्त किया गया है जबकि अपर पुलिस महानिदेशक (आसूचना) भगवान स्वरूप को तकनीकी सेवाओं का एडीजी बनाया गया है। इसी प्रकार, अपर पुलिस महानिदेशक (पुलिस मुख्यालय) डॉ. संजीव गुप्ता को एडीजी (लॉजिस्टिक्स) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पुलिस महानिरीक्षक (होमगार्ड) धर्मवीर का तबादला पुलिस महानिरीक्षक (पूर्वी जोन), प्रयागराज के पद पर किया गया है।

और किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?

वहीं, सचिव (गृह) मोहित गुप्ता को पुलिस महानिरीक्षक (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद के पुलिस महानिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (विशेष जांच) बनाया गया है। बयान के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक स्तर पर अनूप कुमार सिंह और आनंद कुमार को क्रमशः पुलिस अधीक्षक (आर्थिक अपराध शाखा-ईओडब्ल्यू) तथा पुलिस अधीक्षक (जन शिकायत) के पद पर तैनात किया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article