शहर

Firozabad News: सड़क के बीच खुले गैस चैंबर ने ली युवक की जान, फिरोजाबाद में भड़का लोगों का गुस्सा

GAIL gas negligence: ढोलपुरा निवासी 40 वर्षीय छोटेलाल मंगलवार रात मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खुले पड़े करीब 10 फीट गहरे गैस चैंबर में वह बाइक समेत गिर गए।

Image

सड़क के बीच खुले गैस चैंबर ने ली युवक की जान, फिरोजाबाद में भड़का लोगों का गुस्सा

Firozabad gas chamber accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक बड़ा हादसा हो गया है। जिले के थाना लाइनपार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने गैस विभाग की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव ढोलपुरा के बाहर सड़क के बीच खुले पड़े गैस चैंबर में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक, ढोलपुरा निवासी 40 वर्षीय छोटेलाल मंगलवार रात मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खुले पड़े करीब 10 फीट गहरे गैस चैंबर में वह बाइक समेत गिर गए। अंधेरा होने के कारण उन्हें गड्ढा दिखाई नहीं दिया। हादसे के काफी देर बाद एक राहगीर ने चैंबर के अंदर झांककर देखा, तब घटना का पता चला।

गैल गैस की लापरवाही

ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा गैल गैस विभाग की गंभीर लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि इलाके में कई जगह खुले चैंबर और गड्ढे लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पहले भी कई पशु इन गड्ढों में गिर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और नाराज लोगों ने सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हो सका।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड नंबर 25 में खुले नालों और चैंबरों की समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो छोटेलाल की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने भी संबंधित विभाग से रिपोर्ट मांगी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article