शहर

छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होंगे उमर और अली, अतीक अहमद के बेटों को पैरोल देते वक्त हाईकोर्ट ने रखी यह शर्त

प्रयागराज के कसारी-मसारी में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक किया जा रहा है। झांसी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अबान की मौत हो गई थी। भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जेल में बंद उमर और अली अहमद की पैरोल अर्जी मंजूर कर ली है।

Image

भाई के जनाजे में शामिल होंगे उमर और अली (फाइल फोटो)

Photo : PTI

माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद का गुरुवार को झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। इस दुर्घटना में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की खबर सामने आते ही प्रयागराज में हलचल तेज हो गई। अबान के शव को उनके पैतृक गांव हटवा लाया गया है, जहां परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर है।

अबान के जनाजे और अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए जेल में बंद उनके बड़े भाइयों, मोहम्मद उमर और अली अहमद ने कानून का दरवाजा खटखटाया। अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की ओर से वकीलों के माध्यम से इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल की याचिका दाखिल की गई थी।

इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की दोहरी पीठ ने इस संवेदनशील मामले पर सुनवाई करते हुए दोनों भाइयों की पैरोल अर्जी को स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने सख्त हिदायत दी है कि पैरोल की अवधि के दौरान दोनों भाई मीडिया से किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं करेंगे और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे।

पैरोल मिलने के बाद उमर और अली अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल हो सकेंगे। अबान के शव को जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हटवा गांव से लेकर कब्रिस्तान तक पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article