शहर

शामली के बहुचर्चित पवन हत्याकांड में बड़ा फैसला: 12 साल बाद कोर्ट ने 4 दोषियों को सुनाई फांसी की सजा

उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से जुड़े 12 साल पुराने बहुचर्चित पवन कुमार हत्याकांड में मुजफ्फरनगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने इस नृशंस हत्या को 'दुर्लभ से दुर्लभतम' अपराध मानते हुए चार दोषियों-रामवीर, राजीव उर्फ छोटू, राहुल उर्फ घोसी और हरेंद्र को फांसी की सजा सुनाई है।

Image

शामली के पवन हत्याकांड में 4 दोषियों को फांसी

Photo : Times Now Digital

शामली जनपद के चर्चित पवन कुमार हत्याकांड में 12 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल ही गया। मुजफ्फरनगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस जघन्य हत्याकांड पर फैसला सुनाते हुए चार दोषियों को फांसी की सजा दी है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' की श्रेणी में रखा और चारों अपराधियों पर कुल 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोका है।

यह दर्दनाक वाकया 14 जुलाई 2014 का है। शामली जिले के भभीसा गांव में रहने वाले पवन कुमार के भतीजे की कुख्यात बदमाश विपुल उर्फ खूनी की मां के साथ किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। इसी मामूली बात की रंजिश में विपुल खूनी अपने 5-6 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पवन के घर में जबरन घुस आया।

भाई को बचाने में गई पवन की जान

हमलावरों का मुख्य निशाना पवन का भाई अशोक था। लेकिन खतरे को भांपते हुए अशोक ने तुरंत कमरे के अंदर भागकर दरवाजा बंद कर लिया और कुंडी लगा ली, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद बौखलाए हमलावरों ने घर में मौजूद पवन कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से पवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया था।

अदालत में कैसे साबित हुआ जुर्म?

मामले में अभियोजन पक्ष (सरकारी वकील) कुलदीप सिंह ने अदालत के सामने मजबूत पैरवी की और कुल नौ गवाह पेश किए। इनमें प्रत्यक्षदर्शी और वादी अशोक के अलावा मृतक की पत्नी सोनबीरी की गवाही बेहद अहम साबित हुई। सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने चारों अभियुक्तों को दोषी पाया।

सरकारी वकील ने बताया कि मुख्य आरोपी और कुख्यात बदमाश विपुल उर्फ खूनी की पुलिस मुठभेड़ में पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य अभियुक्त अमित की फाइल विचारण के दौरान अलग कर दी गई थी। अदालत ने बाकी बचे चारों सहयोगियों को फांसी की सजा सुनाकर कानून का कड़ा संदेश दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article