शहर

झारखंड छात्र आंदोलन: 20 दिन के प्रदर्शन और विधानसभा घेराव के बाद 300 पर FIR, CCTV फुटेज से होगी पहचान

झारखंड में भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 10 अगस्त को हुए विधानसभा घेराव के दौरान निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, पुलिस पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

Image

रांची विधानसभा घेराव मामला

Photo : Times Now Digital

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर चल रहा युवाओं का गुस्सा अब कानूनी लड़ाई और पुलिसिया कार्रवाई का रूप ले चुका है। राजधानी रांची में पिछले 20 दिनों से लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पिछले 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव करने के मामले में पुलिस ने करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।

दरअसल, राज्य में हुई भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली और गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से सड़कों पर हैं। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने 10 अगस्त को विधानसभा की तरफ एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला था। हालांकि, यह मार्च अचानक उग्र हो गया और स्थिति बिगड़ गई।

पुलिस का क्या कहना है?

रांची के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह मामला 'विधानसभा पुलिस स्टेशन' में दर्ज किया गया है। रांची के एसपी पारस राणा ने बताया कि 10 अगस्त को शांतिपूर्ण मार्च को बाधित करने और नियमों को तोड़ने की वजह से यह कार्रवाई की गई है।

प्रदर्शनकारियों पर धारा 163 (निषेधाज्ञा) का उल्लंघन करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

वीडियो फुटेज से हो रही उपद्रवियों की पहचान

हटिया के एसडीपीओ (SDPO) नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि घटना के समय बनाए गए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। फुटेज के जरिए उन चेहरे और लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

परीक्षा में पारदर्शिता और अपने भविष्य की मांग को लेकर रांची की सड़कों पर डटे छात्रों का यह आंदोलन दिन-ब-दिन और तीव्र होता जा रहा है, लेकिन दर्ज हुई FIR के बाद इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नया मोड़ ले लिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article