Bahraich Road Accident: बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में आसाम चौराहे के पास कई वाहनों की आपस में टक्कर के बाद दो ट्रकों के केबिन में आग लग गई जिससे दो चालक जिंदा जल गए और एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बहराइच बाईपास पर लोहे की मशीनरी लदी पंजाब नंबर का ट्रक, सीमेंट लदा हरियाणा नंबर का ट्रेलर (बड़ ट्रक) और लखनऊ नंबर का पिकअप वाहन रविवार रात आपस में टकरा गए जिसके बाद दोनों मालवाहक वाहनों के केबिन में भीषण आग लग गई।
ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई
उसने बताया कि दोनों चालक केबिन में ही फंस गए और जिंदा जल गए। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रेलर के चालक की पहचान प्रयागराज निवासी जीतलाल यादव (55) के रूप में हुई है और ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया ट्रक चालक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। वाहन मालिक से संपर्क का प्रयास जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक, लखनऊ नंबर का पिकअप वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त मिला, लेकिन उसमें कोई सामान या सवार नहीं मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप में सवार तीन लोग हादसे के बाद मौके से चले गए थे। ट्रक और ट्रेलर के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन से वाहनों की बॉडी काटनी पड़ी, जिसमें करीब तीन घंटे लगे।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
गुजरात के पंचमहल जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर सोमवार को तेज रफ्तार कार के ’डिवाइडर’ से टकराने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कलोल थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कलोल के पास चालक का कार पर से नियंत्रण खो गया, जिससे वाहन ’डिवाइडर’ से टकराने के बाद उसे पार कर राजमार्ग के दूसरी ओर चला गया।
