शहर

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में गिरा निर्माणधीन ब्रिज, 10 लोग घायल; दो की हालत गंभीर

हादसे के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, पुल का निर्माण अंतिम चरण में था और आम लोगों के लिए अभी इसे खोला नहीं गया था।

Image

बारामूला में निर्माणधीन ब्रिज गिरा (फोटो-@WatcherKashmir)

बारामूला : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब न्यू बाईपास पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था और इसे जल्द ही जनता के लिए खोले जाने की तैयारी थी। हालांकि उद्घाटन से पहले ही पुल का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन राहत दल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट

एनबीटी की खबरे के हवाले से अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। दो अन्य घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, पुल का निर्माण अंतिम चरण में था और आम लोगों के लिए अभी इसे खोला नहीं गया था।

घटना के बाद बारामूला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले का संज्ञान लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पुल के गिरने के पीछे निर्माण संबंधी खामी, तकनीकी त्रुटि या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था।

गौरतलब है कि इससे पहले मई 2026 में जम्मू के बंटालाब इलाके में भी निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया था। उस हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं। फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article