शहर

उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास 16 अवैध बिल्डिंगों पर चला बुल्डोजर

उज्जैन के बेगमबाग क्षेत्र में महाकाल मंदिर के पास प्रशासन ने आज यानी मंगलवार 24 मार्च को 16 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। कोर्ट से स्टे हटने के बाद यूडीए और नगर निगम ने यहां संयुक्त रूप से कार्रवाई की। भारी पुलिस बल, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी में ऑपरेशन चला।

Image

उज्जैन में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुल्डोजर

मध्य प्रदेश की कुंभ नगरी उज्जैन में श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से पास प्रशासन ने आज अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्रशासन ने मंदिर के पास बेगमबाग इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अवैध मकानों को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण की यह कार्रवा निचली अदालत, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से मिले स्टे की अवधि खत्म होने के बाद शुरू की गई है।

उज्जैन में नीलकंठ गेट के पास बुलडोजर और पोकलेन मशीनों की मदद से अवैध निर्माण के खिलाफ यह तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम की टीम तैनात रही।

सीएसपी राहुल देशमुख ने जानकारी दी कि उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) ने ऐसे करीब 16 मकानों की पहचान की थी, जिनकी लीज समाप्त हो चुकी थी। इन पर आज यानी मंगलवार 24 मार्च को नगर निगम और UDA द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। ऑपरेशन के दौरान 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ तीन थाना प्रभारियों को भी तैनात किया गया। इलाके की संकरी गलियों में बैरिकेडिंग की गई और CCTV व ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी भी रखी गई।

यूडीए के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि हरि फाटक आवासीय योजना क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन के चलते करीब 45 लीज रद्द की गई थीं। इसी के तहत लगभग 11 प्लॉट्स पर बने 16 ढांचों को आज हटाया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के बाद जमीन को प्रशासन अपने कब्जे में लेगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई हरि फाटक ब्रिज के चौड़ीकरण और सड़क निर्माण परियोजना के तहत की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को अस्थायी रूप से बंद किया गया, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक मार्ग खुला रखा गया। अधिकारियों का कहना है कि काम जल्द पूरा कर यातायात व्यवस्था सामान्य की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article