शहर

पंजाब में दो गुटों के बीच खूनी झड़प, धारधार हथियार से दो युवकों का कत्ल; वजह आई सामने

पंजाब के संगरूर में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक झड़प में दो युवकों की मौत हो गई। हमलावरों की पहचान के लिए जांच एजेंसियां इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

संगरूर जिले के धूरी शहर में मंगलवार को दो विरोधी गुटों के बीच हुई झड़प में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिल कुमार और देव कुमार के रूप में हुई है, जो धूरी के ही रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, दोपहर के समय कक्कड़वाल चौक पर दोनों गुटों के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तुरंत धूरी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

धारधार हथियार से वार

उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग 1.30 बजे कक्कड़वाल रोड पर देव कुमार (निवासी, गांधी बस्ती) और अनिल कुमार उर्फ बब्बू (निवासी, गांधी बस्ती) एक हेयर ड्रेसर की दुकान में बाल कटवाने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान डेढ़ बजे के करीब 4 से 5 युवाओं ने इनके ऊपर किसी धारधार हथियार से वार कर दिया, जिसमें दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी ने बताया कि देव कुमार की उम्र लगभग 23 वर्ष और अनिल कुमार की उम्र करीब 30 वर्ष थी।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया कि संदिग्धों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। हमलावरों की पहचान के लिए जांच दल इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है।

अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और शवों के पोस्टमार्टम तथा चिकित्सा रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या सहित कानून की संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article