शहर

Gwalior: सिगरेट जलाई..कट्टा निकाला और फिर धांय-धांय...कैफे में नकाबपोशों ने फैलाई दहशत; Video वायरल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो नकाबपोश बदमाशों ने एक कैफे में घुसकर फायरिंग करते हुए जमकर दहशत फैलाई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

Image

ग्वालियर में फायरिंग

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

ग्वालियर: पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी आपराधिक मामलों पर अंकुश नहीं लग रहा है। 2 दिन पहले हुए मामूली विवाद को लेकर दो नकाबपोश बदमाश फिल्मी स्टाइल में सिगरेट जलाते हुए कैफे के अंदर घुस आए और काउंटर पर फायरिंग कर दी। घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

हथियारों से लैस होकर आए बदमाश

दरअसल, फडकापुरा बामौर जिला मुरैना के रहने वाले जयकांत मौर्य गोला का मंदिर चौराहे पर बने विकास सिंह भदौरिया के कैफे पर मैनेजर का काम करते हैं। दो दिन पहले कैफे पर अन्नू शर्मा और शिवम वाजपेयी नाम के दो लड़के आए थे और उन्होंने मामूली बात पर नाराज होकर प्लेट तोड़ दी थी। जिन्हें, समझा बुझाकर शांत कर दिया था। जिसके बाद दोनों चले गए थे।

लेकिन, मंगलवार की रात कैफे पर अन्नू शर्मा अपने साथी शिवम वाजपेयी के साथ हथियारों से लैस होकर आया था। कैफे के अंदर उसने सिरगेट जलाई, उसके बाद उसके साथी ने काउंटर की तरफ निशाना साधते हुए फायर कर दी। इसी बीच अन्नू ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और आरोप है कि उसने भी फायरिंग की है। फायरिंग के दौरान कैफे में ग्राहक बैठे हुए थे।

कैफे में अचानक फायरिंग

अचानक शुरू हुई फायरिंग को देख ग्राहक भाग खड़े हुए। बताया गया है कि कैफे में हुई फायरिंग की एक गोली काउंटर में भी लगी है और दूसरी गोली कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में लगी, जिसके चलते सीसीटीवी कैमरा बंद हो गया। इस फायरिंग में कैफे संचालक बाल बाल बच गया। उसके बाद दोनों बदमाश दहशत फैलते हुए वहां से भाग निकले।

घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दिख रहा है कि बदमाश फिल्मी स्टाइल में कैफे में आते हैं, सिरगेट जलाते हुए फायरिंग करना शुरू कर देते हैं। सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जयकांत मौर्य की शिकायत और सीसीटीवी के आधार पर दोनों बदमाशों अन्नू शर्मा और शिवम वाजपेयी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article