Odisha: ओडिशा पुलिस ने श्री जगन्नाथ मंदिर पुरी के एक गेस्ट हाउस के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाने और लोगों को ठगने के आरोप में उत्तर प्रदेश से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के मुख्य प्रशासक ने मंदिर के गेस्ट हाउस की एक फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ठगने के बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मार्च में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने ये गिरफ्तारियां की हैं।
आरोपियों ने www.neeladribhaktanivas.in नाम से एक फर्जी वेबसाइट खोली थी और एक मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप के जरिए श्रद्धालुओं से संपर्क करते थे। क्राइम ब्रांच के महानिदेशक विनयतोष मिश्रा ने सोमवार को एक बयान में कहा कि वे पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के गेस्ट हाउस नीलाद्री भक्त निवास में बुकिंग के बहाने भक्तों से ऑनलाइन पैसे जमा करने के लिए कहते थे।
अपराध शाखा ने कहा कि दोनों ने इस धोखाधड़ी के लिए केनरा बैंक के बचत खाते का इस्तेमाल किया था। आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नीलाद्रि भक्त निवास की वेबसाइट का विवरण, आधार कार्ड, पैन कार्ड और होस्टिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
SJTA के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करके इस अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए क्राइम ब्रांच का धन्यवाद किया। SJTA ने भक्तों को मंदिर के गेस्ट हाउस में आवास की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट www.shreejagannath.in के माध्यम से करने की सलाह दी है। अपराध शाखा ने पुरी आने वाले पर्यटकों से होटल बुक करते समय सावधानी बरतने का भी अनुरोध किया है।
(इनपुट-पीटीआई)
