शहर

ट्विशा शर्मा मौत मामला : पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह की 30 जून तक बढ़ी न्यायिक हिरासत, सीबीआई की जांच तेज

ट्विशा शर्मा मौत मामले में अदालत ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ा दी है। दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों के बीच इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। वहीं, परिजनों के गंभीर आरोपों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने इस केस को और भी संवेदनशील बना दिया है।

Image

ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट

Photo : PTI

Twisha Sharma Death Case: भोपाल की एक अदालत ने मंगलवार को दिवंगत मॉडल ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास एवं पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। दोनों पर दहेज प्रताड़ना के आरोप हैं। ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अंकुर पांडेय ने बताया कि न्यायाधीश शोभना भालावे की अदालत में हुई सुनवाई में दोनों आरोपियों ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। सुनवाई के दौरान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उनकी न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। वर्तमान में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं।

12 मई को हुई थी ट्विशा शर्मा की मौत

12 मई को ट्विशा शर्मा भोपाल स्थित अपने ससुराल के घर में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। मामले की जांच में कअनियमितताओं और लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई थी। इससे पहले 2 जून को अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए 16 जून तक जेल में रखने का आदेश दिया था। ट्विशा के पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण "एंटेमॉर्टम हैंगिंग बाय लिगेचर" (Antemortem Hanging by Ligature) बताया गया था। रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया गया कि उनके शरीर पर कई "एंटीमॉर्टम चोटें" (Multiple Antemortem Injuries) भी थीं।

ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर लगाया था ये आरोप

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने और ट्विशा के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने 15 मई को इस मामले में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की थी। पूर्व एक्ट्रेस और मॉडल रहीं ट्विशा के परिवार ने अपने बयानों में आरोप लगाया था कि शादी के बाद से उन्हें ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना था कि 9 दिसंबर 2025 को हुई शादी के दौरान दिए गए दहेज से उनके ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और इसी वजह से ट्विशा को मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।

ट्विशा की भाभी से सास ने कही ये बात

एफआईआर में दर्ज परिजनों के आरोपों के अनुसार, ट्विशा के ससुराल वालों ने उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का शिकार बनाया, जिसके कारण 33 वर्षीय ट्विशा को यह कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस को दिए गए बयान में परिवार ने बताया कि घटना वाले दिन रात 9:41 बजे ट्विशा की अपनी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान फोन पर उनके पति की तेज आवाज और चीखने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। आरोप है कि बातचीत के बीच ही कॉल अचानक कट गई। परिजनों का कहना है कि इसके बाद जब उन्होंने कई बार दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो आखिरकार सास गिरिबाला सिंह ने फोन उठाया। एफआईआर के अनुसार, उन्होंने ट्विशा की भाभी से कथित तौर पर कहा, "वह अब इस दुनिया में नहीं है," और इसके तुरंत बाद फोन काट दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article