Kasganj Training Aircraft Crash: अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का एक ट्रेनिंग विमान कासगंज में पुलिस लाइन के पीछे हाईवे के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में केवल एक महिला प्रशिक्षु पायलट सवार थी, जो दुर्घटना में घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि यह विमान मंगलवार को करीब चार बजे अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था और कासगंज के ऊपर से गुजरते समय हादसे का शिकार हो गया।
हाईवे के किनारे हुआ दुर्घटनाग्रस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण विमान में केवल महिला पायलट कायनात खान सवार थीं। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने पर विमान ने कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। इसके बाद विमान बिजली के तारों से टकरा गया और पुलिस लाइन के पीछे बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
महिला पायलट गंभीर रूप से घायल
हादसे में महिला पायलट कायनात खान गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अलीगढ़ से चेतक एविएशन की टीम भी कासगंज पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है।
किस वजह से हुआ विमान दुर्घटनाग्रस्त?
सोमवार शाम करीब चार बजे कासगंज में पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे यह प्रशिक्षण विमान तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और राहत एवं जांच कार्य शुरू कर दिया।
डीजीसीए ने क्या कहा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह प्रशिक्षण विमान अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से उड़ान भरकर निकला था। बताया जा रहा है कि यह एयरक्राफ्ट चेतक एविएशन कंपनी का है। वहीं डीजीसीए के अनुसार, 29 जून को चेतक एविएशन का सेसना-152 VT-AFB प्रशिक्षण विमान अलीगढ़ से एकल प्रशिक्षण उड़ान पर था। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
