Madhya Pradesh Road Accidents: मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पहली घटना सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरई थाना क्षेत्र के रिड्डीटेक के पास हुई, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य घायल होकर मौके पर ही जान गंवा बैठे।
एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि मृतकों की पहचान खवासाटोला गांव के परमानंद बरकड़े (45), उनकी पत्नी गीता (38), उनकी बेटी माही (8) और बेटा दीपांशु (4) के रूप में हुई है। पंचनामा पूरा होने के बाद शव जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र सीमा के पास खवासाटोला निवासी यह परिवार मोटरसाइकिल से सिवनी की ओर जा रहा था। शाम करीब सात बजे उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे सभी की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी और उसे सड़क किनारे रोककर मरम्मत की जा रही थी। ट्रक चालक ने संकेतक भी लगाए हुए थे।
यहां हुई दूसरी घटना
वहीं, कटनी जिले में गुरुवार शाम कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर और बड़गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। रीठी थाना के प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि रैपुरा की ओर जा रही मोटरसाइकिल को कटनी की तरफ से आ रही पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे और उनके साथ चार साल की एक बच्ची भी थी।
हादसे में दो युवकों और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को तुरंत रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में वाहन जब्त कर लिया गया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन अनुमान है कि वे पन्ना जिले के निवासी थे। पुलिस उनकी मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
