शहर

मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा; तेज रफ्तार ट्रक ने मारी मोटरसाइकिल को टक्कर, पिता और बेटी की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता और उसकी बेटी की मौत हो गई। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुई। हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है।

Image

मुजफ्फरपुर में दुखद हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Muzaffarpur Road Accident: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक पिता और उसकी बेटी की जान चली गई। यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की चौक के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतक पिता और बेटी की पहचान श्रीकांत राय (45) और उनकी बेटी आस्था कुमारी (17) के रूप में हुई है, जो मनियारी थाना क्षेत्र के निवासी थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आस्था अपने पिता के साथ बाजार से घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रही थी।

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

आस-पास के लोगों ने बताया कि दोपहर लगभग 2:30 बजे, जब दोनों मोटरसाइकिल से कच्ची पक्की चौक पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इतनी जोरदार टक्कर थी कि मोटरसाइकिल और सवार दोनों ट्रक के नीचे आ गए, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद वहां बड़ी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर सदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी

सदर थाना के एसएचओ अश्मित कुमार ने पुष्टि की कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

परिवार में पसरा मातम

पुलिस ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इस हादसे की खबर जैसे ही मनियारी गांव में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पिता और बेटी की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है, और ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण की मांग की है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article