शहर

हिमाचल में सैलानियों का सैलाब, शिमला-मनाली की सड़कों पर महाजाम! वीकेंड का प्लान न हो जाए फ्लॉप

वीकेंड पर शिमला-मनाली की सड़कों पर वाहनों के भारी दबाव के कारण गाड़ियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही हैं और पर्यटकों को लंबी देरी का सामना करना पड़ रहा है। देखिए हमारी ग्राउंड रिपोर्ट पर हालात कैसे हैं?

शिमला : उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी और लू का सितम होने से लोग पहाड़ों पर सुकून ढूंढने निकल रहे हैं। खासकर, पर्यटन स्थलों में शुमार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की ओर रुख कर रहे हैं। इस वीकेंड हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में साफ असर दिखाई दे रहा है, जहां सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई प्रमुख मार्गों पर गाड़ियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही हैं और पर्यटकों को लंबी देरी का सामना करना पड़ रहा है।

ताजा ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे, शोघी, सोलन, कुफरी और मनाली की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मनाली में अटल टनल, सोलंग वैली और मॉल रोड के आसपास भी भारी भीड़ देखी गई। वहीं शिमला में रिज मैदान, मॉल रोड और कुफरी की तरफ जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता रहा।

वीकेंड पर होटल बुकिंग फुल

पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक गर्मी की छुट्टियों और वीकेंड के चलते होटल बुकिंग में भी भारी उछाल आया है। कई होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 से 90 फीसदी तक पहुंच गई है। मौसम सुहावना होने के कारण पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

हालांकि प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है। पर्यटकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट लेने की सलाह भी दी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हिमाचल के अधिकांश पर्यटन स्थलों पर मौसम अनुकूल बना रहेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे ट्रैफिक दबाव और अधिक बढ़ सकता है।

Poonam Sharma
पूनम शर्मा author

पूनम शर्मा ने एचपीयू से मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री की है, करीब 2 साल से टाइम्स नेटवर्क के लिए हिमाचल ब्यूरो के रूप में काम कर रही हैं, 2008 में इंडिया टीवी से विशेष संवाददाता के रूप में अपना करियर शुरू किया था, पूनम को राजनीति, खेल, व्यवसाय और सिनेमा की ताज़ा ख़बरें कवर करना पसंद है।

और पढ़ें
End of Article