शहर

दिल्ली में IPL मैच को लेकर बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, इन रास्तों से बचने की सलाह; इतने बजे तक मिलेगी लास्ट मेट्रो

दिल्ली में 25 अप्रैल 2026 को होने वाले आईपीएल मैच को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं में बड़े बदलाव किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और DMRC ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।

Image

IPL के रोमांच के बीच दिल्ली में यातायात और मेट्रो सेवाओं में बदलाव

Delhi News: दिल्ली के नागरिकों के लिए जरूरी सूचना है। राजधानी में आज 25 अप्रैल 2026 को होने वाले आईपीएल मैच को देखते हुए यातायात व्यवस्था और मेट्रो टाइमिंग में बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे पहले अगर बात यातायात व्यवस्था की करें तो, इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एडवाइजरी जारी की है। 25 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक आयोजित होगा। मैच के दौरान और उससे पहले क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की संभावना जताई गई है।

क्या है दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी?

ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और आसफ अली रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी कारण दोपहर 1:00 बजे से रात 9:00 बजे तक स्थिति के अनुसार इन मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जा सकता है और कुछ जगहों पर आवाजाही पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

इन मार्गों से बचकर अपनी यात्रा करें

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे कुछ प्रमुख मार्गों से बचकर अपनी यात्रा करें, ताकि जाम की स्थिति से परेशानी न हो। इनमें जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक) और बहादुर शाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से आईटीओ तक) शामिल हैं। इन इलाकों में भारी भीड़ और यातायात दबाव की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

यहां रहेगी गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित

ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि दोपहर 1:00 बजे से रात 9:00 बजे तक दरियागंज से दिल्ली गेट चौक, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक (जेएलएन मार्ग) और आईटीओ से दिल्ली गेट चौक के बीच भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश

वहीं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेडियम के आसपास पार्किंग सीमित होगी और केवल अधिकृत लेबल वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर फ्री पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए पार्क एंड राइड व्यवस्था भी की गई है। साथ ही बस सेवाएं मैच शुरू होने से दो घंटे पहले शुरू होंगी और मैच समाप्त होने के एक घंटे बाद तक संचालित रहेंगी।

दिल्ली मेट्रो ने भी किया खास ऐलान

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले IPL मैचों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए अंतिम मेट्रो ट्रेन के समय में बदलाव किया है। डीएमआरसी ने एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मैच वाले दिनों में मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से अधिक देर तक उपलब्ध रहेंगी। डीएमआरसी के अनुसार 25 अप्रैल, 27 अप्रैल, 5 मई और 17 मई को स्टेडियम में IPL मैच आयोजित होंगे। इन मैचों के बाद दर्शकों को घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए मेट्रो ट्रेन सेवा का समय बढ़ाया गया है। आम दिनों में सभी लाइनों पर अंतिम मेट्रो लगभग रात 11 बजे तक चलती है, लेकिन मैच वाले दिनों में अलग-अलग लाइनों पर अंतिम ट्रेन रात 11:45 बजे से लेकर लगभग 1:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article