पश्चिम बंगाल पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जबरन वसूली, हत्या के प्रयास और दंगा भड़काने जैसे कई संगीन मामलों में वांछित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। जहांगीर खान के खिलाफ दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा थाने में कुल 7 FIR दर्ज हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रही है। इस बीच, सोमवार को जैसे ही बाहुबली नेता की गिरफ्तारी की खबर सामने आई, फाल्टा इलाके में आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उनके कार्यालय पर धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ की।
गिरफ्तारी की खबर के बाद दफ्तर में भारी तोड़फोड़
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, जहांगीर खान की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने खान के कार्यालय पर हमला कर दिया। इस दौरान भीड़ ने दफ्तर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और कई कमरों में रखे फर्नीचर को भारी नुकसान पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तोड़फोड़ के मामले की अलग से जांच शुरू की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CJP को टक्कर देने आई जस्टिस काटजू की 'इश्क करो पार्टी', ज्वाइन करने के लिए जारी की ईमेल आईडी
छिपाकर रखी राहत सामग्री देख भड़का गुस्सा
हंगामे के दौरान जब स्थानीय लोग कार्यालय के अंदर दाखिल हुए, तो वहां राहत सामग्री के कई पैकेट बरामद हुए। दफ्तर के भीतर राहत सामग्री मिलने से लोगों का आक्रोश और ज्यादा भड़क गया। स्थानीय लोगों ने जहांगीर खान और उनके करीबियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि यह राहत सामग्री सरकार की तरफ से गरीब और जरूरतमंद लोगों में बांटने के लिए भेजी गई थी, जिसे टीएमसी नेता और उनके सहयोगियों ने अवैध रूप से रोककर अपने दफ्तर में छिपा रखा था।
